चित्रकूट/खोही। रामघाट पर मंदाकिनी नदी में स्नान करते समय वृद्धा की डूबकर मौत हो गई। दो दिनो तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने खोजबीन की। शुक्त्रस्वार को रामघाट से दस किमी आगे मुख्यालय के पुल घाट में नदी किनारे शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कर परिजनों को जानकारी दी।
बांदा जनपद के डीएम कालोनी निवासी पदमचंद्र अग्रवाल ने बताया कि वह जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय में नौकरी करते हैं। सीतापुर के बांध तालाब मोहल्ले में किराये के घर में मां व परिवार के साथ रहते हैं। बताया कि मां सोनकली देवी (80) पत्नी दुर्गा प्रसाद अग्रवाल रोज नदी में स्नान करने रामघाट जाती थी। 16 जून बुधवार को स्नान करने गई थी। घर न लौटने पर खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला था। सीतापुर चौकी में भी इसकी जानकारी दी गई थी। कुछ लोगों ने बताया था कि नदी में नहाते समय वह सीढ़ियों से फिसलकर पानी में डूब गई हैं। शुक्रवार को सुबह मुख्यालय के पुल घाट में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली तो शिनाख्त कराई। इस दौरान पुल के पास खासी भीड़ लग गई। जिससे पुलिसकर्मियों को रास्ता बाधित होने पर भीड़ को डंडे फटकार कर हटाना पड़ा। इस घटना से मृतकों के परिजनों मे शोक छा गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।