बरगढ़ (चित्रकूट)। दूसरी पत्नी को घर में पनाह न दे पाने से क्षुब्ध एक व्यक्ति ने गांव के बाहर खेत के पास जहर खा लिया। जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे मऊ सीएचसी लाए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बरगढ़ थाना अंतर्गत गोइया कला गांव निवासी रामनेवाज (58) के छोटे भाई राजकुमार ने बताया कि रामनेवाज की पहली पत्नी की चार वर्ष पूर्व बीमारी से मौत हो गई थी। उसने इसी साल मई में बिना घर में बताये एक महिला को पत्नी के रूप में घर ले आया था।
पहली पत्नी के बच्चों ने विरोध किया तो दूसरी पत्नी वापस चली गई। इसे लेकर वह परेशान रहता था। मंगलवार की शाम को वह गांव के बाहर खेत के पास बैठा था वहीं जहर खा लिया। वहां से गुजरे लोगों ने बेहोश देखा तो परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में पहुंचे परिजन उसे अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसका शव गांव ले गये।
बुधवार को अंधेरा होने पर गांव में शव पहुंचने पर कुछ ग्रामीणों ने पुलिस सूचना दी। बृहस्पतिवार को सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। राजकुमार ने बताया कि पहली पत्नी के दो पुत्र और चार पुत्रियां विवाहित हैं।