चित्रकूट। प्रदेश के 1.43 लाख शिक्षामित्रों का मासिक मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रति माह कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने योगी राज बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र, गोरखपुर से आयोजित एक सम्मान समारोह में इसकी घोषणा की। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण चित्रकूट समेत में भी शिक्षामित्रों ने देखा और सुना। मानदेय बढ़ोत्तरी से शिक्षामित्रों के चेहरे में मुस्कान दिखी।
कलक्ट्रेट में आयोजित समारोह में जल शक्ति विभाग के राज्यमंत्री रामकेश निषाद उपस्थित थे। उनके साथ विधायक मऊ-मानिकपुर अविनाश चंद्र द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव मौजूद रहे। कार्यक्रम में राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने शिक्षामित्रों को राष्ट्र निर्माण की नींव बताया। कहा कि उनकी मांग भारतीय जनता पार्टी सरकार ने पूरी कर दी है। अविनाश चंद्र द्विवेदी ने शिक्षामित्रों से अपने बच्चों को भी प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ाने का आग्रह किया। पूर्व सांसद आरके सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री और उनकी टीम को मानदेय वृद्धि के लिए बधाई दी। पूर्व विधायक आनंद शुक्ला ने कहा कि मानदेय बढ़ने से शिक्षामित्रों के चेहरे खिल गए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी बीके शर्मा ने बताया कि जनपद में 1352 शिक्षामित्र कार्यरत हैं। अप्रैल माह का बढ़ा हुआ मानदेय भुगतान करने के लिए 24336000 रुपये की धनराशि चित्रकूट को जारी की गई है। यह राशि शिक्षामित्रों के खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।