गोशाला का लोकार्पण करते प्रभारी मंत्री।
- फोटो : संवाद
शिवरामपुर( चित्रकूट)। खनिज फाउंडेशन न्यास निधि योजना से से निर्मित ग्राम पंचायत रौली कल्याणपुर की गोशाला का प्रभारी मंत्री मनोहरलाल मन्नू काेरी ने बुधवार की शाम को फीता काटकर लोकार्पण किया। गोशाला का निर्माण 126 लाख रुपये की लागत से हुआ है। इसके बाद जनचौपाल में ग्रामीणों से चर्चा की।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार पांडेय ने बताया कि योशाला में लगभग 400 गोवंशों को रखा जाएगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि गोशाला में इंटरलॉकिंग एवं पानी के लिए जगह-जगह टोटियां भी लगाएं। गोशाला में भूसा चारा की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गोशाला में कमी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शिवरामपुर में जन चौपाल में प्रभारीमंत्री ने ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। साथ में डीएम शिवशरणपप्पा जीएन, एडीएम न्यायिक राजेश प्रसाद, अध्यक्ष डीसीबी पंकज अग्रवाल, डीसी मनरेगा धर्मजीत सिंह, डीसी एनआरएलएम ओपी मिश्रा, सुरेश अनुरागी सहित अन्य मौजूद रहे।