चित्रकूट। पुलिस ने धर्मनगरी चित्रकूट के मुखारबिंद के पास लावारिस बैग में बम मिलने और फिर उससे हुए हादसे की मॉकड्रिल की। मंगलवार को पहले तो भारी पुलिस बल देख स्थानीय लोग व श्रद्धालु भयभीत हो गए। पुलिस ने उस क्षेत्र में जाने से सभी को रोका। बाद में पता चला कि यह मॉकड्रिल है तो सभी ने राहत की सांस ली।
धर्मनगरी चित्रकूट में बड़ी संख्या मेंं श्रद्धालु आते हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नया गांव चित्रकूट की पुलिस ने धर्मनगरी मुखारविंद के पास मॉकड्रिल की। मंगलवार की सुबह प्राचीन मुखारविंद मंदिर तिराहा स्थित गेट की सीढ़ियों पर एक लावारिस बैग में बम मिलने की सूचना पर चित्रकूट एसडीओपी रोहित राठौर और चित्रकूट पुलिस पहुंचती है। उसके साथ बम निरोधक दस्ते भी मौके पर पहुंचता है। दस्ता लावारिस बैग की जांच करता है। दस्ता जब बम को डिफ्यूज करने का प्रयास करता है तो वह फट जाता है। इसके बाद बम निरोधक दस्ते के घायल कर्मचारी को आनन-फानन सुरक्षा बलों द्वारा अस्पताल लाया जाता है।
इस दौरान मझगंवा एसडीएम एपी द्विवेदी, नगर परिषद चित्रकूट के ईओ अंकित सोनी व उनकी टीम समेत कई विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।