फोटो न- 2 व 3
पहली बारिश ने खोली नाला सफाई की पोल
नाले उफनाने से कई जगह जलभराव से जूझे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। बरसात के मौसम की पहली झमाझम बारिश ने नगर पालिका के नाले और नालियों के सफाई अभियान की पोल खोल दी। शहर के कई स्थानों पर नाले उफनाए तो गंदा पानी सड़क पर भर गया। घरों के अंदर पानी चले जाने से समस्याओं का सामना करना पड़ा। वहीं, मौसम सुहावना होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
शासन के निर्देश पर नगर पालिका क्षेत्र में एक महीने से सफाई अभियान चल रहा है। इसमें नगर पालिका क्षेत्र के नाले व नालियों की सफाई की जा रही है। गुरुवार को दोपहर बाद हुई तेज बारिश से शहर के एलआईसी तिराहे के मिशन रोड, कर्वी पहाड़ी मार्ग में रेलवे पुल के नीचे, शंकर बाजार के खटिकाना मोहल्ला, सीतापुर कस्बा स्थित रामायण मेला परिसर के पास जलभराव हो गया। इससे यहां से निकलने में समस्या का सामना करना पड़ा। इसी तरह की स्थिति कुछ मोहल्लों की गलियों में देखी गई। जहां नालियों की सही सफाई न होने से घरों के सामने पानी भर गया।
अधिवक्ता रुद्र प्रसाद मिश्रा, सभासद सुशील श्रीवास्तव, पूर्व सभासद विष्णुदत्त बुधौलिया ने बताया कि नाले व नालियों की पूरी तरह से सफाई न होने से जलभराव की समस्या बारिश में शुरू हो जाती है। पहली ही बारिश में सड़कों पर जलभराव हो गया।
इनसेट-
अतिक्रमण भी सफाई में आता आड़े
अतिक्रमण भी नाले व नालियों की सफाई में आड़े आ रहा है। शहर की प्रयागराज रोड सहित कर्वी पहाड़ी मार्ग व अन्य स्थानों पर नालों के ऊपर अतिक्रमण होने से सफाई कर्मी सफाई नहीं कर पा रहे हैं। नालियों के ऊपर पक्के चबूतरे बना लिए गए हैं। इनको तोड़ने पर विरोध होता है।
वर्जन
शहर में छोटे-बड़े मिलाकर कुल 36 नाले हैं। इनकी अभियान चलाकर सफाई कराई गई है। नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने ही सफाई की है। - कमलाकांत शुक्ला, सफाई इंस्पेक्टर नगर पालिका कर्वी
शहर के 36 नालों में से 35 की सफाई हो चुकी है। अतिक्रमण के कारण कर्वी पहाड़ी मार्ग का नाला साफ होने में समय लग रहा है। - रामअचल कुरील, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कर्वी