काली घाटी से सटे जंगल में लगी आग पर नियंत्रण करने का प्रयास करते वनकर्मी । संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
मानिकपुर(चित्रकूट)। क्षेत्र के जंगलों में लगी आग अब धीरे धीरे कर मानिकपुर कस्बे की काली घाटी स्थित जंगल तक पहुंच गई हे। जिससे धू-धू कर जंगल जल रहे हैं। आग की लपटें दूर दूर तक देखी जा रही हैं। आशंका व्यक्त की जा रही है कि आग जंगल के आसपास बसी बस्ती तक पहुंच सकती है। जिससे फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के साथ ही ग्रामीण भी आग बुझाने में जुट गए हैं।
मानिकपुर क्षेत्र के जंगलों में एक सप्ताह से आग लगी है, जो अब मानिक पुर कस्बे के पास स्थित कालीघाटी के जंगल तक पहुंच गई है। आग फैलती ही जा रही हैं। जिससे धुएं के गुबार जंगल के ऊपर दिखते है। आग की लपटें बढ़ती जा रही है। कुछ स्थानों पर तो हालत अधिक खराब है। जहां पर झाड़-झंखाड़ के साथ पेड़ भी जल रहे हैं। तेज आग की लपटों से जीव जंतु भी भाग रहे हैं।
मानिकपुर क्षेत्र के रानीपुर वन्य जीव विहार के निही चिरैया व बेघक जंगल मेें भी आग लगी हुई है। फायर ब्रिगेड विभाग के प्रभारी यतींद्र उमराव के नेतृत्व में जवान आग बुझा रहे है। वन विभाग के मानिक पुर रेंजर कृष्णदत्त पांडेय ने बताया कि अलग-अलग टीमें आग बुझाने में लगी हैं।
उपकरण के साथ ही झाड़ियों को हटाकर आग रोकने का प्रयास किया जा रहा है। डीएफओ आरके दीक्षित ने दावा किया है कि चित्रकूट जिले के जंगलों में फैली आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है। मप्र क्षेत्र के जंगलों में आग को बुझाने में मदद की जा रही है। जल्द पूरी तरह से नियंत्रण होगा।