मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के बल्हौरा गांव में शुक्रवार रात को दुर्गा पूजा की आरती के बाद प्रसाद का केला खाने से 14 वर्षीय किशोर की हालत बिगड़ गई।
पेट दर्द, उल्टी और चक्कर के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे सीएचसी रामनगर ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गांव निवासी दिलीप रैदास का बेटा रघुवीर (14) शुक्रवार शाम को गांव में आयोजित दुर्गा पूजा की आरती में शामिल होने गया था।
आरती के बाद उसने साथी के साथ प्रसाद का केला खाया और पास के हैंडपंप पर पानी पीया। परिजनों के अनुसार पानी पीकर आगे बढ़ते ही उसके पेट में दर्द होने लगा। वह वहीं बैठ गया।
थोड़ी देर बाद उठकर आगे बढ़ा तो उल्टी हुई और चक्कर खाकर गिर पड़ा। साथी ने शोर मचाया तो परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सीएचसी रामनगर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी। पिता की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत का कारण रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। मामले में जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।