मऊ (चित्रकूट)। विकास खंड के मंडोर और दुबारी गांव के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। गांव मंडोर में बियावल मुख्य सड़क से दुबारी गांव तक नया संपर्क मार्ग बनाया जाएगा। इस पर 65.35 लाख रुपये खर्च होंगे।
लघु सिंचाई प्रखंड ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है। अभी ग्रामीणों को बियावल मेन रोड तक आने-जाने में काफी परेशानी होती है। इसे देखते हुए लंबे समय से यहां के ग्रामीणों द्वारा सड़क बनाए जाने की जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मांग की जा रही थी।
मांग को जायज देख प्रशासन ने मंडोर में बियावल मुख्य मार्ग से दुबारी गांव तक इंटरलॉकिंग सड़क बनाने का प्रस्ताव किया। कार्ययोजना के अनुसार, यह संपर्क मार्ग बगीचा के पास से शुरू होकर दुबारी गांव तक जाएगा।
मार्ग का निर्माण इंटरलॉकिंग ईंट से कराया जाएगा। नया मार्ग बनने से यह समस्या खत्म हो जाएगी। साथ ही किसानों को अपनी कृषि उपज मंडी तक ले जाने और छात्रों को स्कूल-कॉलेज जाने में भी आसानी होगी।
वर्जन
टेंडर प्रक्रिया यूपी सरकार के ई-पोर्टल पर शुरू हो चुकी है। तकनीकी मूल्यांकन के बाद 28 अक्तूबर को निविदा खोली जाएगी। इसके बाद कार्यदायी संस्था को वर्क ऑर्डर देकर निर्माण शुरू कराया जाएगा। सड़क बनने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी।- प्रमोद मिश्रा, अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई।