चित्रकूट के मानिकपुर में किशोरी और उसके चार साल के भांजे की हत्या के आरोपी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। एसपी अंकित मित्तल के मुताबिक, आरोपी किशोरी से एक तरफा प्यार करता था। घटना वाले दिन किशोरी ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया था।
इसके बाद आरोपी ने किशोरी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। साथ ही राज न खुले इसलिए मासूम को भी मौत के घाट उतार दिया था। एसपी कार्यालय में शनिवार को एसपी अंकित मित्तल ने दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि मानिकपुर के निही कोडरियापुरवा निवासी पार्वती कोल (15) व उसके भांजे बृजेंद्र (4) की हत्या बरहाकोलान पुरवा निवासी राकेश कोल ने की थी।
उसे गिरफ्तार कर घर से कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। एसपी के मुताबिक, राकेश ने बताया कि वह पार्वती से एकतरफा प्यार करता था। गुरुवार की शाम जब किशोरी खेत से घर जा रही थी, तभी बहरेदा जंगल के रास्ते पर रोककर बात करनी चाही, लेकिन वह नहीं रुकी और भागने लगी।
उसे जबरन पकड़ा तो उसने थप्पड़ मार दिया, जिससे आक्रोशित होकर उसने कुल्हाड़ी से उसके गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके साथ मौजूद बृजेंद्र रोता हुआ भागने लगा तो लगा कि यह घर में पूरी जानकारी दे देगा, जिससे उसने उसे भी मार दिया। उधर, परिजनों ने राकेश को गलत तरीके से फंसाने का आरोप लगाते हुए सही जांच कराने की मांग की।