जिला अस्पताल में जमीन पर लेटा बुखार से पीड़ित वृद्ध बच्चीलाल।
- फोटो : amarujala
जिले में सामान्य बुखार के साथ ही डेंगू पीड़ितों की भी संख्या बढ़ती जा रही है। मानिकपुर में महिला समेत दो और में डेंगू के लक्षण मिले हैंष दोनों को इलाहाबाद रेफर किया गया है। तीन दिनों के अंदर मानिकपुर में छह लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। इधर, जिला अस्पताल में छह बुखार पीड़ित मरीज भर्ती हुए।
मानिकपुर कस्बे के वाल्मीकि नगर पश्चिमी निवासी गुड़िया पत्नी पंकज पांडेय और कमल उर्फ गणेश पुत्र बालकृष्ण की ब्लड जांच रिपोर्ट में मंगलवार को प्लेटलेट्स बेहद कम होने पर डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर किया है। पंकज पांडेय ने बताया कि शाम को इलाहाबाद में दोनों को भर्ती कराया गया, तो डाक्टरों ने डेंगू होने की पुष्टि की। इसके अलावा जिला अस्पताल में शीतलपुर तरौंहा के बच्चीलाल पुत्र आशादीन को तेज बुखार होने पर परिजन भर्ती कराया गया।
उनकी हालत ऐसी थी कि डाक्टर कक्ष के बाहर बैठ भी नहीं पा रहे थे और वहीं जमीन पर लेटे रहे। दोपहर बाद उन्हें भर्ती किया गया। इसी क्रम में अभिषेक पुत्र संजय देंउधा, रूपौली पुत्री दिनेश निवासी पुरानी बाजार कर्वी, राजकुमार पुत्र रामजी निवासी सोनेपुर, अभिषेक पुत्र सरजू निवासी देहरूच और रमइया देवी पत्नी संतूलाल निवासी पुरवा तरौंहा को भी बुखार की शिकायत पर भर्ती किया गया है।