चित्रकूट : पहाड़ी में छात्रा की मौत के बाद गमगीन परिजन। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। सरधुआ थाना क्षेत्र के अगरहुंडा गांव निवासी हाईस्कूल की छात्रा ने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को ग्रामीणों की मदद से फंदे से नीचे उतारा।
अगरहुंडा गांव निवासी बच्छराज की 15 वर्षीय पुत्री गायत्री यादव ने शुक्रवार की देर शाम को घर के कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। मामा रामेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को गायत्री प्रतिदिन की तरह बस से पहाड़ी कस्बा स्थित इंटर कॉलेज में पढ़ने गई और बस से लौटकर आई।
इसके बाद घर के दूसरे हिस्से में गांव की कुछ अन्य किशोरियों व परिजनों के साथ कीर्तन में शामिल हुई। कुछ देर बाद वह पढ़ने जाने की बात कहकर छत वाले कमरे में चली गई।
देर शाम तक उसके नीचे न आने पर छोटी बहन शांति उसे लिवाने पहुंची और अंदर का दृश्य देख चौंक गई। उसकी बहन गायत्री छत के हुक से दुपट्टे से फांसी के फंदे में लटकी थी। सूचना पर थाना पुलिस टीम पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतका के परिजनों ने बताया कि खुदकुशी का कोई कारण समझ में नहीं आ रहा है। मां सावित्री देवी ने बताया कि उसने कभी कोई परेशानी नहीं बताई। दो भाई व दो बहनों में वह सबसे बड़ी थी। पिता किसान हैं।