- पिछले चुनाव के अन्ना मवेशी का मुद्दा छाया रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। बुंदेलखंड क्षेत्र में अन्ना मवेशी की समस्या एक बार फिर चर्चा में है। पिछले विधानसभा चुनाव में यह एक प्रमुख मुद्दा था। इस बार भी चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। हालांकि, चित्रकूट इंटर कॉलेज में सीएम की जनसभा में नेताओं ने इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रखी।
यह समस्या अभी भी बनी हुई है। किसान अन्ना मवेशी को गोशाला में रखने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव की घोषणा भले ही न हुई हो, लेकिन भाजपा, सपा और कांग्रेस जैसी पार्टियां चुनाव की तैयारी में जुट गई हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के दूसरे दिन ही भारतीय किसान यूनियन ने सदर ब्लॉक और मऊ ब्लॉक परिसर में बैठक की। यूनियन के अध्यक्षों ने खंड विकास अधिकारी को पत्र दिया। इसमें आरोप लगाया गया कि अन्ना मवेशी खुलेआम घूम रहे हैं। किसानों ने मांग की कि इन्हें गोशाला में रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो किसान खरीफ की फसल की बुआई नहीं करेंगे।
सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्ना मवेशियों की दुर्दशा सबसे अधिक है। वे सड़कों पर घूम रहे हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। मुख्यमंत्री के चित्रकूट दौरे के दूसरे दिन ही रैपुरा क्षेत्र में एक दुर्घटना हुई। किसान सभा के उपाध्यक्ष रुद्र प्रसाद मिश्रा ने कहा कि अन्ना मवेशी की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। गांवों में अन्ना मवेशी घूमते रहते हैं। मौका मिलते ही वे खेतों में घुसकर फसल खा जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या के मामले में भाजपा के नेता चुप्पी साधे हुए हैं।