एमपी और यूपी के बुंदेलखंड क्षेत्र में अन्ना जानवरों की समस्या के समाधान और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए नये सिरे से कवायद शुरू हुई है। इस मुहिम में आरएसएस के लोग तथा भाजपा सांसद, विधायक भी आगे आए हैं। इस मुद्दे पर गुरुवार को आरोग्य धाम में हुई बैठक में यूपी के तीन सांसद, दस विधायक और एमपी के चार विधायक शामिल हुए। तय हुआ कि मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए हर न्याय पंचायत से दो-दो किसानों की टीम तैयार की जाएगी। इस कार्य में सांसद-विधायक इन्हें हर तरह की मदद दिलाएंगे।
बैठक में कृषि क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। आरएसएस के प्रांत प्रचारक संजय, आचार्य अविनाश एवं गोपाल उपाध्याय ने कहा कि पूरे बुंदेलखंड में अन्ना प्रथा बीमारी की तरह फैली है। इसका इलाज जरूरी है। केंद्र व प्रदेश सरकार की योजना के मुताबिक बुंदेलखंड क्षेत्र के किसानों की आर्थिक व सामाजिक स्थिति सुधारने के लिए सबको मिलकर काम करना है। किसानों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की प्रवृत्ति डाली जाए। जैविक खाद का इस्तेमाल करने से फसल की पैदावार अच्छी होती है। इसको बढ़ावा देने से समूचे बुंदेलखंड से अन्ना प्रथा पर भी रोक लगेगी, क्योंकि तब किसान गाय को अन्ना छोड़ने के बजाय बांधकर रखेंगे और उसके गोबर व मूत्र से खाद तैयार करेंगे। इससे गोरक्षा भी होगी।
चार घंटे तक चली बैठक में तय हुआ कि हर न्याय पंचायत में विधायक व पार्टी के नेता दो ऐसे किसान तैयार करेंगे जो जैविक खेती करेंगे। 26 मई को झांसी में प्रदेश के विधायकों के साथ बैठक होगी। इसमें योजना के परिणाम को रखा जाएगा। साथ ही इसे अन्य क्षेत्रों में लागू कराने का प्रयास किया जाएगा। किसानों से अपील की गई कि गाय को खुला छोड़ने के बजाए घर में बांधें, जिसके गोबर व मूत्र से बनी खाद से फसल की पैदावार बढ़ाएं।
बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय समाज सेवा संस्थान के निदेशक गोपाल जी ने की। इसमें चित्रकूट-बांदा सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, हमीरपुर सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, उरई जालौन सांसद- भानूप्रताप मौजूद रहे। विधायकों में सदर चित्रकूट से चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, मानिकपुर आरके सिंह पटेल, बबेरू चंद्रभान कुशवाहा, तिंदवारी- बृजेश प्रजापति, राठ मनीषा अनुरागी, गराैंठा जवाहर राजपूत, परीछा बबीना राजीव सिंह, माधौगढ़ मूलचंद्र निरंजन, कालपी नरेंद्र सिंह जादौन, जालौन से गौरीशंकर वर्मा तथा एमपी से विधायक मानवेंद्र सिंह आदि ने विचार रखे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक जाटव, जिला प्रभारी पुरुषोत्तम पांडेय, आनंद शुक्ला, पंकज अग्रवाल, शक्तिप्रताप सिंह तोमर, राजकुमार त्रिपाठी, सीमा निगम, रिजवाना परवीन आदि मौजूद रहे। झांसी से सांसद केंद्रीय मंत्री उमा भारती अपरिहार्य कारणों से बैठक में नहीं आ सकीं।