चित्रकूट। दोनों विधानसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन कलक्ट्रेट परिसर में खासी गहमागहमी रही। सूबे के राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने पर्चा दाखिल किया। इसके अलावा सपा, कांग्रेस और भाकपा के प्रत्याशियों ने चित्रकूट सदर सीट से नामांकन पत्र दाखिल किए, वहीं, मानिकपुर से कांग्रेस प्रत्याशी व एक निर्दलीय ने नामांकन किया है।
चित्रकूट विधानसभा सीट के लिए शनिवार को सबसे पहले भाजपा प्रत्याशी व पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने दो सेट में नामांकन किया। राज्यमंत्री ने बताया कि सात फरवरी को वह फिर दो सेट दाखिल करेंगे।
इसके अलावा सपा से पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल प्रधान पटेल ने एक सेट में, कांग्रेस की निर्मला भारती ने एक सेट में व भाकपा से अमित यादव ने एक सेट में पर्चा दाखिल किया। मानिकपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रंजना पांडेय और निर्दल अली हुसैन ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
उधर, चित्रकूट से एक और मानिकपुर से तीन लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। मानिकपुर और चित्रकूट विधानसभा सीटों के लिए नामांकन पत्र खरीदकर सपा के पूर्व विधायक वीर सिंह ने सबको चौंका दिया है।
इस दौरान मानिकपुर के भाजपा विधायक आनंद शुक्ला के कुछ समर्थक पर्चा लेने आए, लेकिन ऐन वक्त मानिकपुर सीट अपना दल (एस) के खाते में जाने की सूचना मिलते ही सभी लौट गए।
अपर जिलाधिकारी कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि अमित कुमार त्रिपाठी और अविनाश चंद्र ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। सपा से घोषित प्रत्याशी वीर सिंह पटेल ने दो दिन पूर्व मानिकपुर से चुनाव लड़ने से इंकार कर चौंकाया था तो शनिवार को मानिकपुर के साथ चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र से भी नामांकन पत्र खरीदने के बाद भी राजनीतिक चर्चाओं को हवा दी है।
कांग्रेस की दोनों प्रत्याशी बैलगाड़ी से नामांकन करने पहुंचीं
चित्रकूट। कांग्रेस की दोनों प्रत्याशी बैलगाड़ी से नामांकन करने पहुंचीं। कांग्रेस प्रत्याशी रंजना पांडेय और निर्मला भारती ने शहर के शंकर बाजार से बैलगाड़ी पर बैठकर जुलूस निकाला और नामांकन स्थल तक पहुंचीं। प्रत्याशियों ने कहा कि पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के बढ़ते मूल्यों पर भाजपा सरकार नियंत्रण नहीं कर पा रही है इसीलिए बैलगाड़ी से जाकर नामांकन कराया है।