01 सीकेटीपी-05-परिजनों के साथ शुभम। संवाद
घर पर रोज 7-8 घंटे ऑनलाइन पढ़ाई कर पाया मुकाम
संवाद न्यूज एजेंसी
पहाड़ी (चित्रकूट)। पहाड़ी बुजुर्ग निवासी शुभम अग्रहरि ने सीमित संसाधनों में भी बड़ा मुकाम हासिल किया है। उन्होंने पहले ही प्रयास में नीट परीक्षा पास कर एमबीबीएस में प्रवेश पाया। शुभम को कैटेगरी में 2347वीं रैंक मिली है। उनका चयन स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, सोनभद्र में हुआ है।
शुभम ने महंगी कोचिंग के बजाय घर पर डिजिटल माध्यम से तैयारी की। उन्होंने रोजाना 7 से 8 घंटे नियमित पढ़ाई और पुनरावृत्ति की। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। पिता उमेश कुमार अग्रहरि पहाड़ी में सब्जी की छोटी दुकान चलाते हैं। मां कलावती ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। शिक्षक चाचा कमलेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शुभम शुरू से ही पढ़ाई में गंभीर थे। उनकी सफलता से गांव में खुशी का माहौल है और वह क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं।