मानिकपुर (चित्रकूट)। टिकरिया जमुनिहाई और मनगवां गांव के ग्रामीणों ने कुछ लोगों पर फर्जी समन भेजकर उनकी जमीन पर कब्जा करने के प्रयास करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में एसडीएम को शिकायती पत्र दिया है। ग्रामीण जियालाल ने बताया कि उन्हें न्यायालय का समन मिला है। इस समन में न तो मुकदमा संख्या दर्ज है और न ही वाद की स्पष्ट जानकारी दी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी कथित समन के आधार पर उनकी भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों ने समन भेजने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने एसडीएम से थाना प्रभारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया है। (संवाद)