सीबीआई की टीम ने कराया बच्चों का मेडिकल
- फोटो : amar ujala
करीब 50 बच्चों के यौन शोषण के आरोपी सिंचाई विभाग के निलंबित जेई रामभवन के मामले में सीबीआई ने एक बार फिर से जिले में डेरा डाल दिया है। जेई के शिकार बच्चों के मेडिकल के लिए गुरुवार को सीबीआई की छह सदस्यीय टीम दिल्ली एम्स के पांच डॉक्टरों को लेकर चित्रकूट पहुंची।
एम्स के डॉक्टरों के पैनल ने पहले दिन चित्रकूट व बांदा के आस पास के करीब 17 बच्चों का मेडिकल परीक्षण किया, जिसमें से अभी कई की पूरी रिपोर्ट नहीं आ पाई है। सीबीआई की टीम एम्स के पांच डॉक्टरों की टीम को लेकर कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्यालय के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची।
वहां पर सीएमओ डॉ. विनोद कुमार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग के छह कर्मचारी एम्स के डाक्टरों की मदद के लिए लगाए गए। कड़ी सुरक्षा के बीच सीबीआई अफसर तीन वाहनों से जेई के शिकार बच्चों व उनके अभिभावकों को लेकर अस्पताल पहुंची।