चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों बांदा, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर और बुंदेलखंड के जालौन में बर्ड फ्लू के संभावित खतरों से निपटने के लिए बांदा जिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग ने एक आइसोलेशन वार्ड तैयार किया है। साथ ही वन विभाग ने विदेशी और स्थानीय पक्षियों के अड्डों पर 150 वन कर्मी तैनात कर दिए हैं।
चित्रकूट में बर्ड फ्लू को लेकर जिला प्रशासन ने चार टीमें बनाकर मुख्यालय समेत जिले के अन्य स्थानों पर मुर्गी पालन स्थानों पर छापे मारे। बरगढ़ व अहमदगंज के पोल्ट्री फार्म पर 200 से अधिक मुर्गियों को मारा गया है। हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे में रेलवे स्टेशन के बाहर कौवों के मृत मिलने से हड़कंप मचा है।
पशुपालन विभाग की टीम ने कौवों का पोस्टमार्टम कर सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। महोबा में कंट्रोल रूम की स्थापना कर अफसरों को तैनात किया गया है। इटावा में ऐरवाकटरा के गांव नगला दौलत में पांच मोरों और महेवा के बम्होरा गांव में तीन कौवों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचने से पहले दो कौओं को कुत्ते उठा ले गए। उधर चकरनगर में कबूतर और गुलगुलिया चिड़ियां मृत मिलने से इलाके में दहशत फैली हुई है।