अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रजापति पर रेप व प्रताड़ना का आरोप लगाने और फिर कोर्ट में मुकर जाने से चर्चा में आई सविता पाठक ने मंगलवार को चित्रकूट नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए पर्चा दाखिल किया। वह काले रंग की महंगी लकदक गाड़ी से जुलूस के रूप में पर्चा दाखिल करने पहुंची। अचानक उनके ठाटबाट में आए बदलाव को लेकर इलाके में तरह- तरह की चर्चाएं हैं।
मालूम हो कि विधानसभा चुनाव के दौरान चित्रकूट पालिका परिषद की सभासद सविता पाठक ने पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रजापति पर रेप व उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस आरोप में गायत्री प्रजापति जेल में हैं।
विज्ञापन
पिछले माह सविता पाठक अपने बयान अपने ही आरोप से मुकर गईं। सीजेएम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कहा है कि उसने यह केस दर्ज नहीं कराया है, उनके हस्ताक्षर फर्जी हैं। मंगलवार को सविता पाठक ने नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए लाव लश्कर के साथ नामंाकन किया।
उनके जुलूस में करीब सौ गाड़ियां थी और सैकड़ों लोग नारे लगाते हुए चल रहे थे। उनके पास महंगी गाड़ी कहां से आई, इसको लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। साथ ही जुलूस के खर्चे को लेकर भी तरह- तरह की चर्चा है। इस संबंध में एडीएम विजय नारायण पांडेय ने बताया कि वीडियोग्राफी कराई गई है। हलफनामे को भी चेक किया जाएगा। चुनाव आचार संहिता के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। रिटर्निंग अफसर सत्यप्रकाश का कहना है कि जुलूस पर कितना खर्च हुआ है। इसकी जांच कराई जाएगी।