पहाड़ी (चित्रकूट)। ब्लॉक क्षेत्र में जापानी तकनीक से बनाई जा रही सड़क की जांच रिपोर्ट मांगी है। इसकी जांच राज्य गुणवत्ता अधिकारी करेंगे।
इस तकनीक में रिसाइकिलर, आटोमेटिक मशीनों के माध्यम से केमिकल का उपयोग किया जाता है। पांच साल से यह अधिक समय तक चलेगी। इस तकनीक से मार्गों के निर्माण में बहुत कम समय लगता है। दो दिन में एक किमी सड़क का निर्माण किया जा सकता है। पहाड़ी निवासी तेज प्रकाश चतुर्वेदी व अरछा निवासी शिवप्रकाश पांडेय ने तीन अप्रैल को अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान घटिया सामग्री लगाने की शिकायत की थी।
अमर उजाला ने भी खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अब उप्र ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के राज्य गुणवत्ता समन्वयक ने जांच के लिए पैनल का गठन किया है। जिसमें इस आधुनिक सड़क के निर्माण में अब तक हुए कार्य व पहले हुई शिकायत की जांच रिपोर्ट की आख्या मांगी है।
गौरतलब है कि पहाड़ी कस्बे से अरक्षा बरेठी होते हुए सुरसेन गांव तक 19 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 17 किमी सड़क का निर्माण आधुनिक तकनीक से किया जा रहा है। सड़क में बनाई जा रही पुलिया में ईट व अन्य सामग्री घटिया लगाने की शिकायत ग्रामीणों ने की है।