चित्रकूट। निर्माणाधीन पानी टंकी में हाइड्रोलिक लेडर पलटने से दो मजदूरों की मौत के मामले में जांच में आपरेटर की लापरवाही सामने आई है। जल निगम के जेई की तहरीर पर आपरेटर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। मजदूरों की सुरक्षा के उपाय व अन्य सुरक्षा की जांच शासन की टीम करेगी।
जल निगम के जेई शिवम त्रिपाठी ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम मकरी पहरा में पानी की टंकी निर्माण के दौरान चिल्ला माफी निवासी सुरेश व बनवारी लाल काम कर रहे थे। शनिवार की सुबह करीब 11 बजे अचानक हाइड्रोलिक लेडर का संतुलन बिगड़ गया, जिसे आपरेटर कंट्रोल नहीं कर सका और पलट गया। इससे दोनों मजदूरों की मौत हो गई। बताया कि सहायक अभियंता शशीकांत मौर्या के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच में हाइड्रोलिक लेडर के आपरेटर कानपुर नगर के घाटमपुर निवासी सौमिल सिंह की लापरवाही सामने आई। थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि आपरेटर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जल निगम के अधिशाषी अभियंता आशीष भारती ने बताया कि तीन सदस्यीय जांच कमेटी ने पहली रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है। इसी रिपोर्ट के आधार पर मशीन के आपरेटर की प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आइ है। उस पर कार्रवाई हुई है। सुरक्षा मानकों की जांच के लिए शासन से टीम आएगी।