चित्रकूट। कोलगदहिया ग्राम पंचायत में कछार पुरवा से मुस्लिम पुरवा के बीच दो किमी की उखड़ी पड़ी सड़क का डामरीकरण शुरू होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। एक दशक पहले जिला पंचायत ने सड़क को बनाया था। इसके बाद से सड़क की सुध नहीं ली गई।
कोलगदहिया ग्राम पंचायत के बेलौहन पुरवा, बेहनन पुरवा, मुस्लिम पुरवा समेत कई मजरों के लोग इसी सड़क से आवागमन करते थे। पिछले कई वर्षों में सड़क की हालत दयनीय हो गई थी। तत्कालीन प्रधान रमेश कुमार, हाजी रज्जन अली समेत बुंदेली सेना ने डामरीकरण कराने को लेकर अफसरों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक पत्राचार किया था। बुंदेली सेना ने सीएम पोर्टल में कई बार सड़क की दुर्दशा की शिकायत की। अब शासन से बजट निर्गत होने पर कछारपुरवा से मुस्लिम पुरवा तक लगभग दो किमी सड़क का डामरीकरण शुरू हो गया है। एक करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाली सड़क के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि इस सड़क के निर्माण से कई पुरवा व गांव के लोगों को राहत मिलेगी। (संवाद)