चित्रकूट। भरतकूप क्षेत्र के रौली कल्याणपुर से बजनी संपर्क मार्ग की हालत खस्ता हो गई। सड़क पर ओवरलोड ट्रकों के चलने से कई स्थान पर बडे़-बडे़ गड्ढे हो गए है। जिससे वाहनों का निकलना मुश्किल हो रहा है। बतायाकि छह माह पहले सड़क का निर्माण कार्य भी कराया गया था। मामले को लेकर स्थानीय समाज सेवियों ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर जांच कराने की मांग की है।
भरतकूप क्षेत्र के रौली कल्याणपुर-बजनी संपर्क मार्ग लगभग 15 किमी तक गड्ढों में तबदील हो गई है। बरसात होने से उनमें पानी भर गया है। जिससे इस रास्तें में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं भी हो रही है। मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। समाजसेवी राजकुमार वर्मा ने बताया कि यह सड़क सीधे बजनी भौरा पहाड़ तक जाती है। जिससे खदानों से पत्थर, गिट्टी, डस्ट सहित लेकर ओवर लोड ट्रक भरकर निकलते रहते है। जिससे सड़क की हालत खराब हो गई है। यह सड़क छह माह पहले लोनिवि विभाग से एक करोड़ चार लाख के लगभग धनराशि से छह माह पहले बनाई गई थी।
कई बार अधिकारियों को पत्र लिखा गया। इसके बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ। समाज सेवी राजकुमार, राजू, गोरेलाल, अरुण कुमार आदि ने मांग किया है कि सड़क का निर्माण जल्द से जल्द किया जाए। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि सड़कों निर्माण व गड्ढे पूरा करने का कार्य शुरू किया जा रहा है। खराब सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर बनवाया जाएगा।