फोटो 14 सीकेटीपी 01 बाजार में दुकान पर सेंवइयां खरीदते ग्राहक। संवाद
चित्रकूट। रमजान माह में धर्मनगरी के मुस्लिम बहुल इलाकों के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। रोजा रखने वाले लोग सेवइयां, मेवा और फलों की दुकानों पर खरीदारी कर रहे हैं।
शहर के पुरानी बाजार और तरौहा मोहल्ला में विशेष रूप से दुकानें सजी हैं। सड़कों के किनारे सेवइयां और अन्य खाने-पीने का सामान बेचा जा रहा है। दुकानदार कमल केसरवानी व मो. असलम ने बताया कि रमजान में सेवइयां की बिक्री सबसे अधिक होती है। साथ ही मेवा और फल भी खूब खरीदे जा रहे हैं। सेवइयां 80 रुपये से 150 रुपये प्रति किलो तक बिक रही हैं। फलों में सेब 180 रुपये से 220 रुपये और अंगूर 160 रुपये से 170 रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं। दुकानदार हसनैन के अनुसार, इस समय एक दुकान में प्रतिदिन पांच हजार से दस हजार रुपये तक की बिक्री हो रही है। मुस्लिम महिलाएं भी उत्साह से खरीदारी कर रही हैं।
रोजा और इफ्तार की परंपरा
ग्राहक रेहान, फारिस और आदिल ने बताया कि रोजा रखने वाले मुस्लिम एक माह तक बिना कुछ खाए-पिए अल्लाह की इबादत करते हैं। वे नमाज पढ़ते और कुरान पढ़ते हैं। रोजा रखने वाले मुस्लिम पूरे एक माह तक सूर्योदय से सूर्यास्त तक उपवास रखते हैं। शाम को इफ्तार के समय परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर सेवइयां और फल खाए जाते हैं।