अभी तीन दिन पहले ही इटारसी-इलाहाबाद पैसेंजर में बदमाशों ने टिकरिया-मझगवां स्टेशन के बीच हवाई फायरिंग कर यात्रियों के साथ लूटपाट की थी। पुलिस उन आरोपियों की तलाश में जुटी हैं कि अब डकैतों ने पुलिस को नई चुनौती दे दी है। शनिवार को जीआरपी ने दावा किया था कि टिकरिया व आसपास के स्टेशनों पर जीआरपी की ड्यूटी लगा दी गई है।
इसके दूसरे ही दिन ही डकैतों ने स्टेशन पर लगभग दो घंटे तक उपद्रव किया। ऐसे में कहां थी जीआरपी। एएसएम ने बताया कि रात में कोई पुलिसकर्मी स्टेशन पर नहीं था। स्टेशन पर मौजूद स्टाफ व पिटे यात्रियों ने बताया कि डकैतों का असली मकसद सिर्फ दहशत फैलाना था। इस दौरान बबुली ने रेलवे के फोन से कंट्रोलर को भी धमकी दी कि रेलवे राज नहीं बबुली राज चलेगा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डकैत बार बार सभी से पूंछ रहे थे कि उनको कोई पहचानता है या नहीं। असलहों से पीटकर खुद अपना नाम बबुली व लवलेश पटेल बता रहा था। जाते समय प्वाइंट्स मैन कृष्ण कुमार का मोबाइल छीन ले गए।
टिकरिया स्टेशन का केविन, फोन व अन्य इलेक्ट्रानिक सामान टूटने से रेल संचालन प्रभावित रहा। जिसके चलते उदना एक्सप्रेस, गोंदिया एक्सप्रेस, चित्रकूट एक्सप्रेस अप व डाउन, काशी एक्सप्रेस, ताप्ती गंगा एक्सप्रेस, साकेत व पटना सुपर फास्ट ट्रेन तीन घंटे देरी से गुजरी। टिकरिया स्टेशन से संकेत न मिलने के कारण यह ट्रेन सतना, मझगवां, बहिलपुरवा, मानिकपुर में रोकी गईं।