सरैंया। थाना मानिकपुर के सरैंया में सांप के डसने वृद्धा की माैत मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को गलत बताकर परिजनों ने हंगामा किया था। इस पर बुधवार को पैनल से दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया।
सरैंया के विजय अहिरवार ने बताया कि सोमवार की रात मां छोहारिया देवी (67) चारपाई पर सो रही थीं। तभी सांप ने डस लिया था।जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार की सुबह मौत हो गई।
दोपहर में पोस्टमार्टम हुआ, लेकिन डाॅक्टर ने मां की मौत बीमारी से लिख दिया। उसके बाद परिजन शव ले जाने को तैयार नहीं हुए। दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग करते हुए डीएम व सीएमओ से मिले। डीएम शिवशरणप्पा जीएन के निर्देश पर बुधवार को दो डाक्टरों के पैनल से दोबारा पोस्टमार्टम हुआ।
बुधवार को डॉ. एके मोहन व डॉ. नरेंद्र मौर्य के पैनल से दुबारा पोस्टमार्टम कराया गया है। पहले डॉ. विद्या सागर ने पोस्टमार्टम किया था। पोस्टमार्टम हाउस में बुधवार को सपा जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव, नरेंद्र यादव व गुलाब खां के अलावा जिला पंचायत सदस्य मीरा भारती दिनभर मौजूद रहे। सीएमओ डॉ. भूपेश द्विवेदी ने बताया कि अभी दूसरी पीएम रिपोर्ट की जानकारी नहीं है।