फोटो-12-मृत युवकों के दुर्घटना स्थल की फोटो मोबाइल पर देखते परिजन। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट/सरैंया। मानिकपुर थाना क्षेत्र के कालीघाटी पर अनियंत्रित बाइक से गिरे दो दोस्तों की मौत के बाद गमगीन माहौल में पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। परिजन दोनों के शव अपने गांव ले जाकर अंतिम संस्कार किया।
परिजनों ने घाटी पर सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए प्रयास कराने की मांग की है। गौरतलब है कि इस घाटी में दो दिन के अंदर दो घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
सरैंया से मानिकपुर जा रहे हनुआ गांव निवासी संतोष कुमार उर्फ विनायक राम अपने दोस्त सतना निवासी महेंद्र कुमार पुत्र देवीदयाल व रिश्तेदार सरैंया निवासी छोटा अहिरवार के साथ बाइक से काली घाटी पर अनियंत्रित होकर गिरे थे। इसमें संतोष व महेंद्र की मौत हो गई। छोटा का इलाज प्रयागराज में चल रहा है।
उसकी हालत में मामूली सुधार हुआ है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन संतोष व महेंद्र के शव उनके गांव ले जाकर अंतिम संस्कार किया। संतोष उर्फ विनायक राम के पिता का छह साल पहले निधन हो चुका है। एक बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। वह इकलौता पुत्र था।
वह पुणे में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। तीन दिन पहले ही वह गांव मां मुन्नी देवी से मिलने आया था। उधर, महेंद्र कुमार सतना में बिजली मिस्त्री का काम करता था। उसकी बहन लक्ष्मी देवी ने बताया कि दो भाई दो बहन में वह बडा था। 14 फरवरी को सरैंया में रिश्तेदार के घर निमंत्रण पर आया था।