भैसोंधा निवासी जगतपाल पुत्र रामकुमार ने परिवार समेत मुख्यालय पहुंचकर
शिवरामपुर चौकी प्रभारी एमए खान और पुलिसकर्मियों पर घर में घुसकर महिलाओं
से अभद्रता, रुपये और जेवर उठा लाने का आरोप लगाया है। जगतपाल ने कोतवाली
पहुंचकर इसकी तहरीर दी। साथ ही कहा कि एसपी से मिलकर पुलिसकर्मियों की
शिकायत करेगा।
जगतपाल ने बताया कि छह फरवरी को उसके गांव में एक
व्यक्ति के यहां चोरी हो गई थी। इसमें एक व्यक्ति का चालान हो चुका है और
चोरी का सामान भी बरामद हो चुका है। बताया कि 11 फरवरी को चौकी शिवरामपुर
से एमए खान साथ छह-सात सिपाहियों को लेकर पहुंचे और उसका दरवाजा खटखटाया।
घर
में किसी पुरुष के न होने पर महिलाओं ने दरवाजा नहीं खोला तो
पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। इस पर महिलाओं ने दरवाजा खोल
दिया। ये लोग धड़धड़ाते हुए अंदर घुस गए। जगतपाल का आरोप है कि दारोगा ने
उसकी बहू, पत्नी, और पुत्री के साथ अभद्रता की और उन्हें मारा पीटा।
घर
की जामा तलाशी ली। आरोप है कि पुलिसकर्मी उसके घर से हजारों रुपये के जेवर
और बीस हजार रुपये उठा ले गए। साथ ही धमकाया कि किसी से शिकायत की तो पूरे
परिवार को गंभीर मामले में फंसा देंगे। उसने कोतवाली में तहरीर देकर मामला
दर्ज करने की गुहार लगाई।
मेरे पास इस संबंध में कोई मिलने नहीं
आया। आज मैं वीडियो कांफ्रेसिंग में व्यस्त था। अगर कोई आया होगा तो
जानकारी लेकर जांच कराई जाएगी। - पवन कुमार, एसपी।
जगतपाल के घर से
चोरी का माल बरामद हुआ है। जगतपाल का लड़का लवली पिछले दिनों हुई चोरी में
वांछित है। उसकी तलाश की जा रही है। घर से बर्तन और गहने मिले हैं। जगतपाल
जो आरोप लगा रहा है, सरासर गलत है।
-एमए खान, शिवरामपुर चौकी प्रभारी।