लोकसभा चुनाव व होली त्योहार के पूर्व शुक्रवार की सुबह अपर पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल के साथ मुख्यालय के आसपास कई गांव में अवैध कच्ची शराब के ठिकानों में छापे मारे। इस दौरान भारी मात्रा में लहन व भट्ठियां नष्ट कर कच्ची शराब, उपकरण बरामद किए गए।
अपर एसपी बलवंत चौधरी के नेतृत्व में नगर क्षेत्राधिकारी रजनीश यादव, शहर कोतवाल अनिल सिंह ने पुलिस बल के साथ मुख्यालय से सटे कुलीतलैया में धधक रही अवैध कच्ची शराब भट्ठियों के ठिकानों पर औचक छापा मारा। पुलिस की कार्रवाई से वहां अफरा-तफरी मच गई।
अवैध शराब बनाने वाले मौके से भाग गए। इस दौरान पुलिस टीम ने भट्ठियों को तोड़ कर 12 कुंतल लहन नष्ट किया। लगभग 50 लीटर कच्ची शराब व उपकरण बरामद किए। सीतापुर चौकी प्रभारी रामवीर सिंह ने कपसेठी निवासी बसंता पुत्र चिनखुरिया के कब्जे से दस लीटर कच्ची शराब बरामद किया है।
इसके अलावा रगौली जिला कारागार के चौकी प्रभारी अजीत सिंह ने योगेन्द्र सिंह पुत्र राम प्रसाद वर्मा निवासी पटेल नगर को मंडी गेट के समीप से 21 क्वार्टर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।