शहर पुलिस गणतंत्र दिवस को लेकर सतर्क हो गई है। रविवार को मुख्यालय के आसपास पुलिस ने गश्त तेज कर दी और संदिग्धों की तलाश में अभियान चलाया। बाजार, मुख्य मार्ग, सार्वजनिक स्थान पर तलाशी अभियान भी चलाया।
प्रदेश में हाई एलर्ट होने के बाद जिले की पुलिस भी सतर्क है। पुलिस लाइन में होने वाली परेड के अलावा विभिन्न स्कूलों में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने रविवार दिनभर घूम-घूमकर स्थितियों का जायजा लिया।
इसके साथ ही संदिग्धों की तलाशी, पूछताछ, वाहनों की चेकिंग, प्रमुख बाजार, सार्वजनिक स्थान, बस अड्डा आदि पर चेकिंग अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों ने यात्रियों से भी पूछताछ और उनके सामान की तलाशी ली।