पकड़े गए डाकू गैंग के सदस्य और बरामद असलहों के साथ जानकारी देते एसपी केके चौधरी।
- फोटो : अमर उजाला
भरतकूप के दुगवां पहाड़ के पास सोमवार रात पुलिस और डाकू राजा यादव गैंग के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने गैंग के पांच सदस्यों को पकड़ा है, जबकि सरगना समेत तीन सदस्य भाग निकले। मौके से पांच असलहे, 52 कारतूस, दो देशी बम और दो सिम बरामद हुए हैं। पकड़े गए डाकू गैंग के सदस्यों पर हत्या, अपहरण समेत डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं। दो सदस्यों पर पांच-पांच हजार का इनाम भी है।
डाकू राजा यादव गैंग के दुगवां पहाड़ के पास मौजूदगी की सूचना पर कोतवाली पुलिस की तीन टीमों ने घेराबंदी शुरू की। पुलिस को देखते ही गैंग फायरिंग कर भागने लगा, तभी पहाड़ के सिद्धबाबा स्थान के पास पुलिसकर्मियों ने गैंग के नगनेधी अतर्रा निवासी बाबू यादव, बच्चा उर्फ अशोक यादव, खम्हरिया निवासी रामदयाल, गौशाला रसिन निवासी अमर सिंह और गिरवां बनसखा निवासी बाबूराम यादव को दबोच लिया। इनके कब्जे से तीन बंदूकें, दो देशी रायफल, दो देशी बम, दो सिम, 52 जिंदा व 7 खोखा कारतूस बरामद हुए।
मंगलवार को एसपी केके चौधरी ने बताया कि पकड़े गए गैंग के सदस्यों में बाबू यादव गैंग सरगना का भतीजा है और अशोक रिश्तेदार है। दोनों पर पांच-पांच हजार का इनाम भी है। पकड़े गए सभी सदस्यों पर कुल 19 मामले दर्ज हैं। गैंग का सरगना राजा यादव दो साथियों के साथ भाग निकला है। जिसकी तलाश की जा रही है। बरामद असलहों में तीन बंदूकें एक फरवरी को रौली कल्याणपुर के गायत्री स्टोन मिल के गेटमैनों से लूटी गई थी। पुलिस टीम को डीआईजी स्तर से दस हजार का पुरस्कार दिया गया है।