मानिकपुर (चित्रकूट)। सतना (मप्र) जिले के बाबूपुर चौकी के सिगवां कस्बे के पास तेंदूपत्ता से लदा पिकअप पलट गया। इस हादसे में चित्रकूट जिले के चुरेह केशरुवा मानिकपुर निवासी तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि इसी गांव की सात महिलाएं घायल हो गईं।
बुधवार की दोपहर मानिकपुर क्षेत्र से तेंदू पत्ता लादकर पिकअप मध्य प्रदेश के सतना शहर जा रहा था। पिकअप पर तेंदू पत्ता तोड़ने वालीं महिलाएं भी सवार थीं। सतना जिले के बाबूपुर चौकी के सिगवां कस्बे के पास सामने से आए वाहन से बचने में चालक का संतुलन बिगड़ गया। इससे बेकाबू पिकअप पलट गया। इसके नीचे महिलाएं दब गईं। आसपास के लोगों ने घायलों को पिकअप से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान मानिकपुर थाना क्षेत्र के चुरेह केेशरुवा निवासी सीमा कोल (26) पत्नी रोशन लाल, संगीता कोल (25) पुत्री लालमन, रानी कोल (50) पत्नी रामप्रकाश की मौत हो गई। इसी गांव की गुड़िया (40), विमला साकेत (42), संतोषी वर्मा (47), लीला चौधरी (26), रज्जी साकेत (60), प्रेमा साकेत (60), कलावती साकेत (50) घायल हो गईं। इनको सतना स्थित अस्पताल में भर्ती कराया है। इधर, गांव में घटना की जानकारी होते ही परिजनों में शोक व्याप्त हो गया है। मृतकों और घायलों के परिजन सतना रवाना हो गए हैं।