चित्रकूट। दिवाली मेले को लेकर डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने सोमवार को मेला क्षेत्र के बेड़ी पुलिया, रामशैया, भरथौल, शिवरामपुर आदि का भ्रमण कर सड़कों की साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित लोगों को मेला क्षेत्र में सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। खासकर टूटी सड़कों को बनवाने के लिए कहा है। श्रद्धालुओं से पार्किंग शुल्क न लिए जाने की बात कही।
डीएम ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड को निर्देशित किया कि मोड़ वाली सड़कों पर साइनेज बोर्ड व पोर्टेबल बैरियर लगवाएं, जिससे दुर्घटना न हों। डीएम ने सड़कों की सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बची हुई जगहों से झाडियां को साफ कराएं। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि रसिन गांव के रास्ते में भी श्रद्धालुओं के आने के दृष्टिगत टेंट व पानी की व्यवस्था कराएं।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कर्वी को निर्देशित किया कि भरतकूप के रास्ते से भी अधिक संख्या में श्रद्धालु रामघाट आते हैं, ऐसे में रास्ते में उचित प्रकाश व्यवस्था होनी चाहिए। अधिशासी अधिकारी कर्वी ने बताया कि मेला क्षेत्र में 20 पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पार्किंग स्थलों में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहनी चाहिए एवं इसमें किसी प्रकार का कोई शुल्क न वसूला जाए, यह सुनिश्चित कराएं। कहा कि यदि मोबाइल शौचालयों की कमी है, तो अन्य जनपदों से मांग करें। सभी जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।