चित्रकूट/मऊ। जिले में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। रविवार को जांच रिपोर्ट में दो और संक्रमित मिले। संक्रमितों में कोतवाली क्षेत्र में तैनात एक सिपाही है। संक्रमितों को एंबुलेंस से खोह स्थित क्वारंटीन सेंटर पहुंचाया गया। संक्रमितों के गांव व आसपास क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर सैनिटाइज कराया गया।
जिले में अब कोरोना पाजिटिव की संख्या 243 हो गई है। इसके अलावा मानिकपुर क्षेत्र निवासी संक्रमित मरीज कोेरोना की जंग जीतकर घर वापसी की है। जिले में एक्टिव केस 121 हैं। सीएमओ डा. विनोद कुमार ने बताया कि रविवार जांच रिपोर्ट में 2 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। एक ने कोरोना की जंग जीतकर घर वापसी की है। 282 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। अब तक जिले में 16882 सैंपल भेजे जा चुके हैं। जिसमें 9698 की रिपोर्ट आ चुकी है। जिले के सभी हॉटस्पॉट जोन में सैनिटाइज कराया गया है। पॉजिटिव आने वाले मरीजों के घरों के आस पास सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही उनके परिजनों के सैंपल भी लिए जा रहे हैं।