चित्रकूट। रक्षाबंधन के त्योहार के चलते जिला प्रशासन ने रविवार को साप्ताहिक बंदी के दिन राखी और मिठाई की दुकानें खोलने की छूट दी। इससे लोगों ने खरीदारी की। हालांकि महामारी के चलते इस बार छूट के बाद भी दुकानों में बिक्री कम रही, इससे दुकानदारों में मायूसी भी दिखी। सोमवार को सभी उल्लास के साथ पर्व मनाएंगे।
मालूम हो कि कोरोना से बचाव के लिए प्रशासन ने सप्ताह में तीन दिन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को बाजार बंद रखने के निर्देश दे रखे हैं। लेकिन त्योहारों को देखते हुए बकरीद की खरीदारी के लिए शुक्रवार और रक्षाबंधन के लिए राखी व मिठाई की दुकानें खोलने की छूट दी। रविवार को लोगों ने त्योराह के लिए खरीदारी की। आज मनाया जाने वाला रक्षाबंधन का त्योहार भाई बंधन के सोहार्द का है। इस दिन बहनें भाईयों की कलाई में रक्षा सूत्र बांधकर अपनी सुरक्षा का वंचन लेती है। हालांकि इस बार कोरोना संक्रमण की वजह से कई बहनों के भाई त्योहार मनाने के लिए घर नहीं आ सके है। कई बहनों ने ई-राखी का भी उपयोग किया है। दुकानों में खरीदार मास्क लगाने के साथ पूरा एहतियात बरत रहे हैं। इसके बावजूद बाजार में ज्यादा भीड़ नहीं दिखी। ज्यादातर लोगों ने शुक्रवार को ही खरीदारी कर ली थी। रविवार को लॉकडाउन पहले से घोषित होने के कारण कोरोना संक्रमण काल में ज्यादातर लोग बाहर नहीं निकले। मिठाई व राखी बेचने वाले दुकानदारों ने बेहद उत्साह से दुकानें सजाई लेकिन दिनभर में उनकी बिक्री उत्साहजनक नहीं रही।
सोमवार को रक्षाबंधन त्योहार के चलते राखी व मिठाई दुकानदारों में उहापोह की स्थिति बनी थी कि शनिवार व रविवार लाकडाउन के आदेश हैं। ऐसे में दुकानों में बेंचने के लिए मिष्ठान व राखी कैसे रख सकेंगें। व्यापारियों की मांग पर रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर रविवार को लाकडाउन पर महज राखी व मिष्ठान दुकानों को खोलने के आदेश जारी कर दिया है। जिसके चलते दुकानदार सवेरे से दुकाने सजाकर बैठ गए। व्यवसायियों में खुशी का माहौल देखा गया। यह सूचना मिलते ही कई जगह पर खरीददारों ने दुकानों में पहुंच राखी व मिठाईयों की खरीददारी की है।
प्रशासन के साथ दुकानदारों ने भी किया सहयोग
चित्रकूट। मिठाई विक्रेता छेदी यादव ने बताया कि दुकान के इर्द-गिर्द ग्राहक व कर्मचारियों के हाथों में सैनिटाइज कराते रहे। यही आलम राखी दुकानों पर देखा गया। प्रदेश सरकार के आदेश पर रक्षाबंधन पर बहनों को सुविधा प्रदान करते हुए राज्य परिवहन की बसो में आवागमन मुफ्त किया है। परिवहन विभाग ने महिलाओं को आवागमन करने के पूर्व सैनिटाइज व दो गज की दूरी बनाकर बसों में यात्रा करने की सलाह दी है। इस व्यवस्था से बहनों में खुशी का माहौल है।
सख्ती न होने से मिलावटखोरी जारी
चित्रकूट। कोरोना महामारी संक्त्रस्मण के दौरान प्रदेश सरकार ने आमजन को राहत प्रदान करने के लिए मिष्ठान व राखी की दुकानें खोलने के आदेश जारी किए हैं। जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने बैठक में निर्देश दिए थे कि खाद्य टीम त्योहार के मद्देनजर सैंपलिंग कर जांच पड़ताल करें। बावजूद इसके जिले की खाद्य विभाग टीम ने कहीं जांच करने की जरूरत नहीं समझी। ऐसे में शंकर बाजार व पुरानी बाजार में मिठाई दुकानों में रंगी-बिरंगी महीनों पुराने खोवा से बनी मिठाइयां धड़ल्ले से बिकी। इस पर जनमानस में खासा रोष रहा।