28 सीकेटीपी-8- परिचय- पशु अस्पताल रुकमा खुर्द के गेट का ताला तोड़ते ग्रामीण। संवाद
चित्रकूट। कई साल से पाठा क्षेत्र के पशु अस्पताल रुकमा खुर्द के गेट पर ताले होने से संचालन बंद था। मंगलवार को पशु विभाग के अधिकारियों की सहमति के बाद अस्पताल के गेट का ताला तोड़ा गया। बाद में पशु अस्पताल का संचालन प्रक्रिया शुरू की गई है। संचालन के लिए तीन सदस्यीय टीम भी बनाई जाएगी।
रुकमा खुर्द निवासी डाॅ. गौरव कुमार, मुकेश कुमार, डाॅ. मुकेश यादव, रिपुसूदन पटेल, कृष्णकांत पटेल, गिरीश चतुर्वेदी , राज पटेल, रणधीर सिंह ने बताया कि गांव में बना पशु अस्पताल का भवन कई साल से तैयार खड़ा है। इसमें ताला लगा है। इसका संचालन न होने से पशु पालकों को मवेशी का इलाज कराने के लिए 15 किमी दूर मुख्यालय जाना पड़ता है।
ग्रामीणों की मांग पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने ताला तोड़कर अस्पताल खोलने के निर्देश दिए। मंगलवार को अस्पताल गेट का ताला तोड़ा और अस्पताल संचालन के लिए गांव के तीन सदस्यों की समिति बनाई गई। संचालन टीम ने बताया कि अस्पताल को संचालित करने के लिए जो भी आवश्यक चीजें हैं, उन्हें जल्द ही पूरा कराया जाएगा।अस्पताल में जो सामग्री टूटी हैं, उनको जल्द ही ठीक कराया जाएगा। डॉक्टर भी यहां आकर मवेशियों का इलाज करेंगे।
पशुधन प्रसार अधिकारी सेमरदहा ने बताया कि अस्पताल के गेट पर ताला लगा है। इसकी चाबियां न होने से अस्पताल संचालित नहीं हो रहा है। इस पर ग्रामीणों ने भी शिकायत की। इसे लेकर संबंधित डॉक्टर को ताला तोड़कर अस्पताल संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे ग्रामीणों को राहत होगी।- डॉ. एसके पांडेय- मुख्य पशुचिकित्साधिकारी।