ट्रैक्टर अनियंत्रित होने से उस पर बैठी श्रमिक युवती नीचे गिर पड़ी। ट्रैक्टर उसके ऊपर से निकल गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।
भरतकूप चौकी अंतर्गत नई बस्ती निवासी सोनिया (19) पुत्री रामसखा कोल शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे गोंड़ा पहाड़ से गिट्टी लादकर ला रहे ट्रै्क्टर पर बैठी थी। रास्ते में अचानक ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने से सोनिया नीचे आ गिरी और ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। हादसे में घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
दुर्घटना होते ही ट्रैक्टर चालक लल्लू वाहन छोड़कर भाग निकला। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतका की मां दिलसखिया ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। दिलसखिया ने बताया कि सोनिया उसकी इकलौती पुत्री थी, जो ट्रक-ट्रैक्टरों में गिट्टी भरने का काम कर परिवार का पेट पालने में मदद करती थी। पति रामसखा कोल बाहर नौकरी करता है। सोनिया की मौत से उसके सामने रोजीरोटी का संकट खड़ा हो गया है।
रोक के बाद भी ओवरलोडिंग
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला कौंसिल सदस्य कमलेश यादव एडवोकेट ने पुलिस पर अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसपी ने ओवरलोडिंग, ट्रैक्टर से ढुलाई और ब्लास्टिंग पर रोक लगा रखी है, इसके बाद भी ये सब होता है। इसी वजह से सोनिया की मौत हो गई।