चित्रकूट जिले में बृहस्पतिवार की देर शाम तक कुल 137 लोगों की कोरोना जांच की रिपोर्ट आई जिसमें 136 निगेटिव रहे जबकि एक की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। यह रिपोर्ट जिले के विकास भवन के एक कर्मचारी की होने से पूरे विकास भवन में हड़कंप मच गया।
दोपहर से लेकर शाम तक पूरे भवन को सैनिटाइज कराया गया। कर्मचारी के आवास अमानपुर गांव व आसपास के स्थान पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस रिपोर्ट के बाद विकास भवन के 15 अन्य कर्मचारियों ने कोरोना सैंपल दिया है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 90 हो गई है। इसमें 70 स्वस्थ्य हो चुके हैं और 18 एक्टिव केस हैं।
सीएमओ डा. विनोद कुमार यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को कुल 174 लोगों के नये सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट में एक पॉजिटिव केस मिला। बताया कि विकास भवन के इस कर्मचारी के कार्यालय व आवास को सैनीटाइज कराया गया है।
इसकी जांच जिला अस्पताल के ट्रूनेट मशीन से हुई थी। इसके बाद जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय व पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने हॉटस्पॉट वाले स्थानों की जानकारी लेकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।