चित्रकूट। पहाड़ी थाना क्षेत्र के ओरा गांव में महाबुलिया विसर्जन के दौरान लापता हुए बालक का छठवें दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस की तलाश सुस्त पड़ गई है, जिससे परिजनों में आक्रोश है। परिजन अब स्थानीय गोताखोरों की मदद से खुद ही तलाश में जुटे हैं।
ओरा गांव निवासी अनिल मिश्रा की बेटी बेटू (12), बेटा शिवांश (10) व पड़ोस की प्राची (10) सहित कई अन्य बच्चे बागे नदी में महाबुलिया का विसर्जन करने सात अक्तूबर गए थे। वहां विसर्जन के समय तीनों डूब गए थे। ग्रामीणों ने बेटू व प्राची को बाहर निकाल लिया था। शिवांश का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम व गोताखोर की मदद से तलाश की थी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी थी।
परिजनों का आरोप है कि तीसरे दिन से पुलिस ने सक्रियता नहीं दिखाई। थाना प्रभारी निशि कांत राय ने बताया कि गोताखोरों को लगाया गया है, जल्द ही बालक को ढूंढ लिया जाएगा। (संवाद)