राजापुर के आसपास के लगभग एक दर्जन गांवों में चार दिन से अंधेरा है। ग्रामीणों का कहना है कि सरधुवा फीडर में आएदिन खराबी बनी रहती है।
चार दिन पहले आई तेज आंधी और बारिश से अतरौली गांव के पास एक खंभा टूटने से सरधुवा फीडर ठप हो गया था। इससे इससे जुड़े अतरौली, चांदी, तीर धुमाई, नैनी, बिहरवां, बकटा, सुरवल, खोंपा, भदेदू, देवारी, हस्ता, गुरगौला, धौरहरा आदि गांवों की बिजली गुल हो गई। चार दिन बाद भी यहां की आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी और उमस से जीना मुहाल है। संजय कुमार उपाध्याय, रोशन सिंह, जगरूप सिंह, सूर्यदत्त त्रिपाठी, शारदा निषाद, लाला, राममोहन, हरी सिंह, रणजीत उपाध्याय आदि ने बताया कि सोमवार रात कुछ देर के लिए बिजली आई थी पर फिर चली गई। इस संबंध में जेई से कोई जानकारी नहीं मिली। वह फोन ही नहीं उठाते। ग्रामीणों ने राजापुर से सरधुवा फीडर को अलग कर सरधुवा गांव के ट्रांसफार्मर से सीधे जोड़े जाने की व्यवस्था करने की मांग की।