भारतीय किसान यूनियन की स्थानीय इकाई ने किसानों की समस्याओं को लेकर तहसीलदार आरके पांडे को ज्ञापन दिया। किसानों ने आरोप लगाया कि अन्ना प्रथा उन्मूलन के लिए आए धन का सदुपयोग नहीं किया जा रहा। अगर समस्याओं की अनदेखी की गई तो कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी।
भाकियू के सदस्यों ने कहा कि अन्ना प्रथा उन्मूलन के लिए जिले को 56 लाख 80 हजार रुपये की धनराशि मिली है, लेकिन इसका उपयोग कहां हुआ, यह नजर नहीं आता। इस संबंध में कमेटियों का गठन भी नहीं किया गया। इसके अलावा खरीफ की बुआई का समय है पर बीज की सुविधा नहीं मिल रही।
आपदा प्रभावित किसानों को राहत राशि नहीं मुहैया कराई गई। अगर जल्द समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो भाकियू दफ्तरों में तालाबंदी करेगा। तहसीलदार राजकुमार पांडे ने किसानों को आश्वासन दिया कि समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। बताया कि राहत राशि का वितरण 75 गांवों में करा दिया गया है। शेष गांवों में 20 जून तक वितरण करा दिया जाएगा। इस मौके पर हरबख्श सिंह, राजकिशोर सिंह, देवेंद्र कुमार, राममूरत द्विवेदी, अमित कुमार सिंह, दादू सिंह आदि मौजूद रहे।