फोटो 10 सीकेटीपी 28 मेले में खड़े गधे। आयोजक
चित्रकूट। रामघाट पर लगने वाले ऐतिहासिक गधा मेले की एक खास पहचान पशुओं को फिल्मी सितारों के नाम देना और उनकी बोली लगाना भी है।
पशुपालक गधों को अमिताभ, शाहरुख और सलमान जैसे नाम देकर लाए, लेकिन इस बार फिल्मी नामों का आकर्षण भी मेले की रौनक नहीं बचा पाया।
मेले के आयोजक रमेश पांडेय ने बताया कि इस बार अमिताभ नाम के गधे की कीमत 72 हजार रुपये तक लगी। वहीं, कल्लू नाम के खच्चर की बोली 75 हजार रुपये तक पहुंची, लेकिन इतनी ऊंची बोली के बाद भी वह बिक नहीं सके।
आयोजक ने बताया कि रामघाट पर लगने वाले इस मेले की परंपरा औरंगजेब के शासनकाल से चली आ रही है। पीढ़ियों से व्यापारी यहां पशुओं की खरीद-फरोख्त के लिए पहुंचते रहे हैं। कभी मेले में एक हजार से अधिक गधे और खच्चर आते थे। अच्छी नस्ल के खच्चरों की कीमत लाखों रुपये तक पहुंच जाती थी।
बताया कि अब करीब 400 पशुओं की आमद और केवल 70 की बिक्री मेले के बदलते स्वरूप की कहानी बयां कर रही है। पशुओं की उपलब्धता भी पहले की तुलना में कम हो रही है।
उन्होंने बताया कि जानवरों की कीमत उनकी नस्ल, कद-काठी, बनावट और काम करने की क्षमता के आधार पर तय होती है। व्यापारियों का कहना है कि मशीनों के आने से गधों-खच्चरों का काम कम हो गया है, इसलिए खरीदार भी कम आ रहे हैं।