फोटो-31 सीकेटीपी 10-कामतानाथ की परिक्रमा करते श्रद्धालु। संवाद
-आरोग्यधाम व मंदाकिनी में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, एक लाख श्रद्धालुओं ने टेका माथा
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। नए साल की अच्छी शुरुआत की कामना के साथ बाबा कामतानाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ी। बसों व ट्रेनों के जरिए पहुंचे श्रद्धालु रामघाट पहुंचे। बुधवार शाम को वहां का नजारा देखने लायक था। इस दिन भक्तों ने कामता नाथ का दर्शन किए और कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा की। पुरोहितों के अनुसार गुरुवार अलसुबह रामघाट, आरोग्यधाम और मंदाकिनी नदी के घाटों पर करीब एक लाख श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का अनुमान है।
नववर्ष की पूर्व संध्या पर बाबा कामतानाथ का आशीर्वाद पाने के लिए श्रद्धालु आने लगे थे। भक्तों ने आरोग्यधाम व मंदाकिनी में स्नान किया और पुरोहितों को दान दक्षिणा दी। बाद में श्रद्धालुओं ने मंदिर और मठों में जाकर दर्शन किए। कामता नदी के दर्शन करने के बाद भक्तों ने परिक्रमा भी की। नए साल पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ से नाविकों और दुकानदारों के चेहरे लकालक दमके नजर आए।
उधर, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। रामघाट से बेड़ी पुलिया और कर्वी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। बाहर से आने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की कि वे यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार करें और होटल व कमरों का किराया निर्धारित व उचित दरों पर ही लें। श्रद्धा, आस्था और सुरक्षा के बेहतर इंतजामों के बीच कामतानाथ दरबार में भक्ति और विश्वास का अनुपम संगम देखने को मिला।