चित्रकूट। उत्तर मध्य रेलवे के डीआरएम ने शनिवार को चित्रकूटधाम कर्वी समेत मानिकपुर व शिवरामपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। चित्रकूट स्टेशन को सीसीसीटीवी से लैस कर इसका कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए। प्लेटफार्म नंबर तीन और उस पार बल्दाऊगंज तक जाने के लिए फुटओवर ब्रिज बनाने की संस्तुति की है। जल्द ही रेलवे स्टेशन पर सौ फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगाने के निर्देश दिए हैं। 15 अगस्त के पहले यह काम पूरा हो जाएगा।
डीआरएम संदीप माथुर ने मुख्यालय के रेलवे स्टेशन व आसपास के स्थानों पर गंदगी होने पर नाराजगी जताई। प्लेटफार्म से लेकर विश्राम कक्ष व टिकट विंडों तक सफाई पर विशेष ध्यान रखना चाहिए। स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरे और लगवाए जाने के निर्देश दिए। टिकट विंडों पर बुकिंग क्लर्क को खाली बैठा देख रिजर्वेशन काउंटर पर सहयोग करने के निर्देश दिए। जिससे काम जल्दी निपट सके।
स्टेशन अधीक्षक आरसी यादव ने बताया कि वीआईपी के आने पर विशेष कक्ष नहीं है जिस पर उन्होंने एसी युक्त वीआईपी रूम बनाने का भी निर्देश दिया है। उनके साथ सीनियर डीओएम शशीकांत, एससी दुबे, चित्रकूट के मनीष सिंह व गिरीश पांडेय आदि मौजूद रहे।
व्यापारियों ने बताईं समस्याएं
शिवरामपुर। इसके पूर्व डीआरएम ने शिवरामपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और कहा कि इस स्टेशन पर पुरानी ट्रेनों का स्टापेज बहाल कर कुछ नई ट्रेनों का भी स्टापेज कराने की योजना है। शनिवार को शिवरामपुर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व अन्य निवासियों ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें मांग की गई है कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस, चित्रकूट एक्सप्रेस और नई ट्रेनों के स्टापेज यहां किया जाए। कानपुर, झांसी, प्रयागराज से संपर्क नही होने के कारण व्यापार में आ रही समस्याओं से अवगत कराया गया। (संवाद)