फोटो-9- वर्जुअल मीटिंग में चित्रकूट के डीएम व सीएमओ को निर्देश देते प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंदग?
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने मंगलवार को चित्रकूट के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इसमें मंत्री ने अधिकारियों को एक सप्ताह में 250 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कहा कि कोरोना पॉजिटिव मरीजों के इलाज में तथा संक्रमण रोकने की प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
प्रभारी मंत्री नंदी ने डीएम व प्रभारी सीएमओ के साथ वर्चुअल बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित एक-एक मुद्दे पर सवाल करते हुए गहन समीक्षा की। डीएम ने बताया कि जनपद में वर्तमान में करीब 350 बेड की व्यवस्था है। प्रतिदिन करीब 125 पॉजिटिव केस आ रहे हैं। तब मंत्री ने पूछा कि कोरोना से अब तक कितनी मौत हुई? तो अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष से लेकर अब तक 18 मौत हुई है। इसमें इस साल की संख्या चार है। आईसीयू और वेंटीलेटर बेड की क्षमता के बारे में पूछे जाने पर बताया गया कि 10 वेंटीलेटर और 10 आईसीयू हैं। निजी चिकित्सालयों के बारे में पूछे जाने पर प्रभारी सीएमओ ने बताया कि चित्रकूट में एक भी निजी चिकित्सालय अनुमन्य नहीं है। केवल एल-2 अस्पताल ही उपलब्ध है। एल-3 की स्थिति में मरीज को बांदा या प्रयागराज भेजा जाता है।
संख्या बढ़ने पर मंत्री ने डीएम और एसपी को एक सप्ताह में 250 बेड की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। प्रभारी सीएमओ ने बताया कि आरके सिंह पटेेल इंस्टीट्यूट रगौली और आईटीआई भांगा शिवरामपुर में जल्द ही 100-100 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जा रही है। कहा कि कोविड पॉजिटिव मृतकों का अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक, कोविड प्रोटोकॉल के साथ किया जाएं। प्रभारी सीएमओ ने बताया कि प्रति दिन करीब 500 आईटीपीसीआर की जांच हो रही है। मंत्री ने होम आईसोलेशन में इलाज करा रहे लोगों की संख्या और इलाज के बारे में जानकारी ली। प्रभारी सीएमओ ने बताया कि कुल 972 मरीज आइसोलेशन में हैं। जिनकी निगरानी इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर के जरिये कॉल किया जा रहा है।