चित्रकूट/भौंरी। प्रतिबंधित वन क्षेत्र के पहाड़ से पत्थर तुड़ान कर ले जा रहे तीन ट्रैक्टरों को खनिज विभाग की टीम ने पकड़ने का प्रयास किया। जिसमें दो ट्रैक्टर समेत चालक व मजदूर भाग निकले जबकि तीसरा ट्रैक्टर छोड़ चालक भी भागा। पत्थर लदे ट्रैक्टर को रैपुरा पुलिस के हवाले किया गया है। इसके अलावा अवैध बालू व गिट्टी लदे चार ट्रक एक डंपर भी पकड़े गए हैं।
रैपुरा थाना क्षेत्र के भौंरी के पास गजटा पहाड़ पर पत्थर तुड़ान की सूचना पर जिला खनिज अधिकारी मिथलेश कुमार पांडेय अपनी टीम के साथ पहुंचे। टीम को देखते ही पहाड़ पर मौजूद तीन ट्रैक्टर में बैठकर मजदूर दूसरी दिशा में भागने लगे। छापामार टीम ने पीछा कर एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया है जबकि अन्य भागने में सफल रहे। पकड़े गए ट्रैक्टर को रैपुरा थाने में खड़ा कराकर खनिज अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है। यह पहाड़ वन विभाग के अधीन है जिसमें खनन प्रतिबंधित है।
इसके अलावा पुलिस लाइन मार्ग पर चार अवैध बालू व गिट़्टी लदे ट्रक पकड़े गए। जिसमें कोई कागजात नहीं थे। इसके अलावा खोह के पास अवैध गिट़्टी लदे एक डंपर को पकड़ा गया है। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि ट्रक अवधेश रलिहा व राकेश रलिहा के हैं। इनके खिलाफ खजिन अधिनियम के तहत कार्यवाही कराई गई है।