अमर उजाला ब्यूरो
मऊ(चित्रकूट)। थानाक्षेत्र के मैदाना मार्ग पर इन दिनों अज्ञात बदमाशों का गैंग राहगीरों के लिए आफत बना है। आएदिन इस मार्ग पर तमंचा लगाकर कभी साइकिल व बाइक गिराकर मारपीट की जाती है और मऊ या बाहर से कमाई कर लौटने वालों की नगदी व जेवरात लूट रहे हैं। इस क्षेत्र में भय के माहौल में ग्रामीणों का कहना कि पुलिस से एक दो बार नहीं छह बार बता चुके और कई भुक्तभोगी भी थाने पहुंचे लेकिन पुलिस के कान में जूं नहीं रेंग रही है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यही हाल रहा तो इस मार्ग पर किसी बड़ी घटना के होने की संभावना है।
चकौर निवासी वकील धर्मेंद्र, मैदाना निवासी अमित त्रिपाठी, शिवाकांत, सिकरौं निवासी रामलाल व चुनवाद आदि ने बताया कि एक पखवाडे़ से सूर्यास्त होते ही देर रात तक मैदाना मार्ग से होकर गांव जाने वाले राहगीरों के साथ लूट व मारपीट हो रही है लेकिन पुलिस इन बदमाशों को नहीं पकड़ रही है। भुक्तभोगियों ने बताया कि मऊ कस्बे से मजदूरी कर या नौकरी कर रुपये लेकर गांव जाने वालों को सिकरों मोड़ पर चार से पांच बदमाश पुलिया के पास रोकते हैं। न रूकने पर तमंचा दिखाते हैं। बाइक व साइकिल से भागने वालों का पीछा कर गिराकर सभी मिल मारते पीटते हैं और नगदी व जेवरात लूट ले जाते हैं। कई अन्य ग्रामीणों के साथ भी ऐसा हुआ है लेकिन वह सब भयवश पुलिस से शिकायत नहीं कर रहे।
इन गांव के छितानीराम, राकेश, राजेश, प्रेमशंकर, कपिलमुनि, रमाकांत, बरमदीन, शिवप्रसाद, बडकू व कमलेश आदि ने बताया कि पुलिस से शिकायत का कोई फायदा भी नहीं है। कई बार पिटे लूटे ग्रामीणों ने थाने में जानकारी दी लेकिन रात को इस ओर कोई पुलिस कर्मी झांकने तक नहीं आता। इस क्षेत्र में रात को यदि पुलिस गश्त होने लगे तो ग्रामीणों की गाढ़ी कमाई व जानमाल सुरक्षित हो सकते हैं। इस मामले में थानाध्यक्ष अरूण पाठक ने बताया कि इसकी जानकारी मिली है। अज्ञात बदमाशों की तलाश की जा रही है। इस मार्ग पर पुलिस गश्त लगाई जाएगी।