नामी पहलवानों के बीच दो दिवसीय इनामी दंगल रविवार को शुरू हुआ। जिसमेें पहलवानों ने दांवपेंच दिखाकर दर्शकों का मनोरंजन किया। पहले दिन गोरखपुर, फतेहपुर व स्थानीय पहलवानों का दबदबा रहा।
तहसील क्षेत्र के महुंआ गांव में शिवराहा तालाब के पास रविवार को कांग्रेस के प्रदेश संगठन मंत्री पुष्पेंद्र सिंह ने दंगल की शुरूआत कराई। जिसमें कई जनपद के नामी पहलवान शामिल हुए। प्रदेश संगठन मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शरीर बेहतर रखने के लिए युवाओं को अखाड़े की ओर रुख करना चाहिए।
जिससे युवा वर्ग सामाजिक बुराईयों से भी दूर रहेगा। इसके बाद दंगल में फतेहपुर के कृष्णा का कौशांबी के अकरम से मुकाबला हुआ। दोनों की कुश्ती काफी देर तक चली आखिर में कृष्णा विजयी रहे। स्थानीय पहलवान शिवनारायण यादव ने जब ताल ठोंकी तो मौजूद दर्शकों ने उनका जमकर हौसला बढ़ाया।
उन्होंने कानपुर के राजू पहलवान को चित्त कर दिया। अखाड़े में बांदा के राम मिलन व विनोद के मुकाबले में विनोद जीते। इलाहाबाद के तोताराम केसरी ने फतेहपुर के शिवप्रसाद को हराया। इसके अलावा गोरखपुर के सुजीत पहलवान ने कौशांबी के रतन को हराया। इस मौके पर आयोजक प्रधान सुयश सिंह, कार्यवाहक अध्यक्ष विनय सिंह, नीतीश कुमार, जयप्रकाश, कंधई प्रसाद, शिवकुमार, अखिलेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, गज्जू फौजी व कुशल पटेल आदि मौजूद रहे।