क्रिकेट मैच में शाट लगाता बल्लेबाज।
- फोटो : amarujala
सुभाष चैलेंज कप अंतरप्रांतीय क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को महोबा व उन्नाव के बीच मैच खेला गया। जिसमें महोबा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर उन्नाव को चार विकेट से हराकर र्क्वाटर फाइनल में प्रवेश किया।
मुख्यालय के कलेक्ट्रेट मार्ग पर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए उन्नाव के सलामी बल्लेबाजों ने बिना विकेट खोए 35 रनों की ओपनिंग की लेकिन महोबा के रहमान के प्रदर्शन से बल्लेबाज लड़खड़ा गए। तीन ओवर में तीन विकेट गिरे और उन्नाव टीम ने निर्धारित 25 ओवरों में 9 विकेट खोकर 131 रन बनाए। जिसमें अमरेंद्र के सर्वाधिक 33 व राजेश के 24 रनों का योगदान रहा। महोबा की ओर से रहमान ने चार विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे महोबा के बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत की। ओपनर इरफान ने शानदार अर्धशतक लगाया और पूरी टीम ने 17 वें ओवर में 6 विकेट खोकर मैच जीत लिया। शानू ने 21 रनों का योगदान दिया। उन्नाव की ओर से वंश ने अच्छी गेंदबाजी की और चार खिलाड़ियों को आउट किया। रहमान मैन आफ द मैच रहे। मैच के दौरान व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, राकेश मिश्रा, आलोक यादव, विजय भारद्वाज, शमसुद्दीन, अनूप, आस्ट्रेलिया, रामचंद्र, मुकेश, चुन्नू, कुलदीप, आनंद व ऋषि आदि मौजूद रहे। मंगलवार को महोबा का क्वार्टर फाइनल में इलाहाबाद से मुकाबला होगा।